आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
झाॅसी
दिनाॅक 02 जून 2026
*भर्ती परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से हो संपन्न:- मुख्य सचिव*
*प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण गंभीरता के साथ करें*
*किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं:- एस.पी.गोयल,मुख्य सचिव*
*परीक्षा प्रक्रिया की सफलता प्रत्येक स्तर पर सतर्कता एवं अनुशासन पर निर्भर*
*भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए सुनिश्चित*
झांसी।उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, प्रशासनिक तैयारियों एवं निगरानी तंत्र की विस्तृत समीक्षा की गई।मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं तथा प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण गंभीरता के साथ करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्ट्रांग रूम के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील रहें तथा डबल लॉक, डबल गार्ड, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। भर्ती बोर्ड द्वारा सीसीटीवी की लाइव फीड के माध्यम से सतत निगरानी की जाए। नोडल अधिकारी (प्रशासन) की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी कि परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री ही परीक्षा केंद्रों को उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कार्मिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए तथा ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य रूप से लागू रहे। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर किसी भी स्तर पर निजी व्यक्तियों की नियुक्ति न हो। केंद्र व्यवस्थापक सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति न दी जाए।
अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग को अत्यंत सावधानी एवं गंभीरता से किए जाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी के पास काला/नीला पेन, प्रवेश पत्र तथा पहचान पत्र के अतिरिक्त उसके पास अन्य कोई सामान न हो। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि 06 जून से 10 जून 2026 तक सभी परीक्षा केंद्रों का प्रतिदिन व्यापक सैनिटाइजेशन कराया जाए। परीक्षा कक्षों, परिसर, होल्डिंग एरिया, छत, गैलरी, सीढ़ियों एवं वाशरूम सहित पूरे परिसर की मोबाइल फोन, कैमरा, ब्लूटूथ अथवा अन्य अवांछित सामग्री की दृष्टि से गहन जांच की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा में नियुक्त सभी अधिकारी/कर्मचारी के मोबाइल (स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी पुलिस, केंद्र प्रभारी-कार्यदायी संस्था (परीक्षा सञ्चालन) को छोड़कर) आदि को बाहर रखवाया जाए। कार्मिकों का चेकिंग-फ्रिस्किंग के बाद प्रवेश दिया जाए। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी प्रत्येक पाली में रेंडमाइजेशन के आधार पर लगाई जाए तथा परीक्षा अवधि में केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियमित रूप से परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने राज्य एवं जनपद स्तर के कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के पूर्व अथवा परीक्षा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति/ वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल जाँच-पड़ताल कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाए।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं प्रमुख आवागमन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायी जाए। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छायादार प्रतीक्षास्थल, चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाए।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की सफलता प्रत्येक स्तर पर सतर्कता एवं अनुशासन पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को भर्ती बोर्ड के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस एवं ट्रैफिक बल को तैनात किया जाए।
बैठक में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एस.बी. शिरडकर ने जानकारी दी कि 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 1,183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित होगी। भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इस अवसर पर एनआईसी झांसी में अपर जिलाधिकारी प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, डीआईओएस, श्रीमती रती वर्मा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
आनन्द बॉबी चावला झांसी।
