इसरार अहमद जिला संवाददाता अम्बेडकरनगर
चयनित सहायिका ने साक्ष्य पेश कर शिकायत को बताया निराधार नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग
विकास खंड भियांव अंतर्गत ग्राम पंचायत पक्खनपुर बिछैला के आंगनबाड़ी सहायिका चयन को लेकर चल रहे विवाद में चयनित अभ्यर्थी विशाखा शुक्ला ने संबंधित अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने पक्ष में अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए चयन प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप बताया है।प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि शासनादेश के तहत जारी विज्ञापन के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्र बिछैला में सहायिका पद के लिए उनका चयन चयन समिति द्वारा किया गया था। चयनित अभ्यर्थी का कहना है कि उन्होंने शासनादेश में निर्धारित सभी नियमों एवं शर्तों को पूरा किया है, इसके बावजूद उनके चयन को निरस्त करने की मांग की जा रही है।विशाखा शुक्ला ने अपने आवेदन के साथ निवास प्रमाण पत्र आधार कार्ड परिवार रजिस्टर की नकल मतदाता सूची तथा विवाह संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करते हुए दावा किया है कि वह पक्खनपुर बिछैला की मूल निवासी हैं और सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र भी उनके पक्ष में है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद भी उनका संबंध ग्राम पक्खनपुर बिछैला पंचायत से बना हुआ है तथा उनके अभिलेख वैध रूप से स्थानीय पते पर दर्ज हैं।प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता द्वारा वैवाहिक स्थिति को आधार बनाकर चयन निरस्त करने की मांग की गई है जबकि शासनादेश में ऐसी कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है कि विवाहित महिला आवेदन के लिए अपात्र होगी। चयनित अभ्यर्थी ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर सभी अभिलेखों का परीक्षण कराने और चयन समिति द्वारा किए गए चयन के आधार पर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है।मामला अब जिला प्रशासन और बाल विकास विभाग के समक्ष विचाराधीन है अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।