इसरार अहमद अम्बेडकरनगर
गाड़ी धीरे चलाने की नसीहत बनी मौत का कारण बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या
आलापुर अम्बेडकरनगर। आलापुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाने का विरोध करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी के बाद हुई मारपीट में बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पुत्र बैतुल्लाह के अनुसार 1 जून की रात करीब 9:30 बजे गांव के आम रास्ते पर इजहार के मकान के सामने यह घटना हुई। आरोप है कि बहिगवा जोगीपुर निवासी छोटू उर्फ मेहराज पुत्र सरवर कसाई अपनी मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से गांव के अंदर लेकर आया था। उसकी बाइक पर कौसर पुत्र जुम्मन भी सवार था।बताया गया कि रास्ते में मौजूद जैनुल्लाह उर्फ बुद्धू ने केवल इतना कहा कि "गाड़ी धीरे चलाओ।" इसी बात से नाराज होकर छोटू ने बाइक रोक दी और जैनुल्लाह पर हमला कर दिया।आरोप है कि उसने बुजुर्ग को बुरी तरह पीटा और जमीन पर पटक दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही आलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।