*शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारण : जिलाधिकारी*
सुरेन्द्र मिश्रा
जिलाधिकारी ने 2 लेखपालों के निलंबन और राजस्व निरीक्षक को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी के सख्त तेवरों की जनता में सराहनारसूलाबाद कानपुर देहात । रसूलाबाद तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी कि अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधायक पूनम शंखवार जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह ने तहसील रसूलाबाद में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील रसूलाबाद में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 188 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर परीक्षण किया जाए और समाधान के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसका फीडबैक भी लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने तोरना एवं नारखुर्द ग्रामों से संबंधित अवैध कब्जा अवैध निर्माण के मामलों में आवश्यक कार्रवाई न करने पर संबंधित लेखपालों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई किए जाने हेतु उप जिलाधिकारी शिखा संखवार को निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ जनप्रतिनिधियों के संदर्भ आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें शिकायत पंजिका का संधारण करें प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील रसूलाबाद क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह को निर्देशित किया कि अधिकारियों को चेकलिस्ट उपलब्ध कराते हुए संबंधित ग्रामों का निरीक्षण कराया जाए तथा निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी संकलित किया जाए।
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भवन गणना कार्य में लगे कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त कर्मचारी गांव में एक जगह बैठ कर ही फर्जी भवन गणना कर अधिकारियों को गुमराह कर रहे है । उन्होंने संपूर्ण गांव की भवन गणना एक समिति से कराने की मांग की ।जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ने समिति गठित कर भवन गणना कार्य जाने के निर्देश दिए ।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शिखा शंखवार तहसीलदार संतोष कुमार नायब तहसीलदार शिव दर्शन सिंह पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार कोतवाल शिव नारायन सिंह चिकित्साधीक्षक डॉ दीपक गुप्ता खंड शिक्षाधिकारी अजब सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
