इसरार अहमद अम्बेडकरनगर
समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम और एसपी ने सुनी जन समस्याएं
अम्बेडकरनगर। जनपद में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। कोतवाली अकबरपुर परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश राजस्व संबंधी मामलों सहित अन्य समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदन शीलता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, जिससे आमजन में पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना और मजबूत हो। वहीं जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को भूमि संबंधी विवादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।उधर थाना जैतपुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित कुल पांच प्रकरण प्राप्त हुए जिन्हें कानूनगो की उपस्थिति में आवश्यक कार्रवाई एवं निस्तारण हेतु संबंधित राजस्व विभाग को भेज दिया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रेमचंद, कानूनगो उमा शंकरधर द्विवेदी, लेखपाल अमित यादव सहित क्षेत्र के अन्य लेखपाल एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
“जनता की सेवा एवं उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” प्रशासनिक अधिकारियों ने इस संकल्प को दोहराते हुए शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।

