लोकेशन आलोट जिला ब्यूरो
डॉ सुनील चोपड़ा
अष्टापद जैन तीर्थ में 'मेरा गाँव मेरी दुनिया' का 7 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
रतलाम जिले के जावरा तहसील के अष्टापद जैन तीर्थ, हाटपिपलिया में 9 से 15 जून तक संस्था 'मेरा गाँव मेरी दुनिया' द्वारा सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उज्जैन और आगर जिलों से 57 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी विद्यालयों में सीखने की गुणवत्ता बेहतर बनाना और युवाओं को शिक्षा व कौशल विकास के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के लिए तैयार करना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रारंभिक कक्षाओं के लिए अंग्रेजी, गणित और हिंदी के प्रभावी शिक्षण की व्यावहारिक तकनीकें सिखाई गईं। इसके साथ गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल के माध्यम से सीखना, स्थानीय संदर्भों को कक्षा से जोड़ना तथा सरकारी मिडिल स्कूलों में व्यावसायिक कौशल को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष सत्र हुए।इस प्रशिक्षण से तैयार हुए युवा अब लगभग 10,000 बच्चों की शिक्षा बेहतर बनाने की दिशा में काम करेंगे। संस्था वर्तमान में मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के 75 से अधिक स्कूलों के साथ सीधे काम कर रही है, जिसके माध्यम से 10,000 से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जा रही है।
प्रतिभागी महक ने कहा कि मैं हमेशा सोचती थी कि आगे कैसे बढ़ूंगी, लेकिन इस कार्यक्रम ने जीवन को लक्ष्य दे दिया। यहां सीखने के साथ स्वयं को समझने और समाज के लिए काम करने की प्रेरणा मिली।संस्था की निदेशक वसुधा ने कहा कि अष्टापद जैन तीर्थ का वातावरण सीखने और आत्मचिंतन को प्रोत्साहित करता है। यहां सब व्यवस्थित और सहयोगपूर्ण ढंग से संचालित होता है।
अष्टापद जैन तीर्थ सचिव रविंद्र सिंह श्रीमाल ने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों से मिलकर तीर्थ की जानकारी दी और शिविर में ठहरने के दौरान उनके अनुभव भी साझा किए। इस दौरान ट्रस्ट मंडल के पंकज मेहता, सरदारमल चौरड़िया, डॉ सुनील चोपड़ा भी उपस्थित थे।



