दिनदहाड़े चेन लूट मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली खुलासे के लिए कई टीमें मैदान में
अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में कथित असलहे के बल पर महिला से सोने की चेन लूटने और उसके पति पर हमला करने के सनसनीखेज मामले का घटना के एक दिन बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार घटना के पर्दाफाश के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।बताया जाता है कि 20 जून 2026 को आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के हंसापुर कला निवासी मीना पत्नी अभयराज अपने पति और बच्चे के साथ मायके काली का पूरा जैतपुर आ रही थीं। पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि युवकों ने पहले गाली देने की बात कहकर विवाद शुरू किया और बाद में कथित तौर पर असलहा निकालकर महिला के गले की सोने की चेन मांग लीपीड़िता का कहना है कि भयवश उन्होंने अपनी चेन उतारकर आरोपितों को दे दी। इसके बाद आरोपितों ने उनके पति अभयराज के सिर पर असलहे की बट से हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया गया है सीसी टीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
