आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
झांसी दिनांक 03 जून 2026
*मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक में झांसी मंडल का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन*
*झाँसी मण्डल की स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर चमकी*
*स्वास्थ्य सेवाओं में मंडल के सभी जनपद प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल,* *झाँसी तीसरे, जालौन छटवें व ललितपुर सातवें स्थान पर रहा*
स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को जानने के लिये मा. मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्टेट रिव्यू मिशन की राज्य स्तरीय टीमें भेजकर चिकित्सा इकाईयों में आधारभूत सुविधाओं, जाँचों की व्यवस्था, दवाईयों की उपलब्धता आदि के बारे में वास्तविकता जानी गयी। इन सभी जिलों में सर्वेक्षण के उपरान्त देखा गया कि किन जिलों में सुविधाओं में क्या-क्या खामियाँ हैं। इस रिपोर्ट का प्रस्तुतिकरण मुख्यमंत्री जी के समक्ष किया गया जिसमें बुन्देलखण्ड विशेष रूप से झाँसी मण्डल के तीनों जिले बेहतर स्कोर पाकर प्रदेश के अग्रणी 10 जिलों में स्थान पाने में कामयाब रहे। यह दर्शाता है कि विगत वर्षों में स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
इन टीमों ने प्रदेश के 93 जिला अस्पतालों, 861 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, 2,825 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 12,405 स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, 50 विशेष चिकित्सालयों तथा 15 मेडिकल कॉलेजों का स्थलीय मूल्यांकन किया. इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 2,661 मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भी निरीक्षण किया गया।
*झाँसी के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे* द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाती है और सुधार हेतु आवश्यक निर्देश समय-समय पर दिया जाना इस उपलब्धि के लिये महत्वपूर्ण रहा। मण्डल स्तर पर किये गय प्रयासों से चिकित्सा इकाईयों की तस्वीर बदली है। पिछले दो वर्षों में मण्डल की 150 से अधिक चिकित्सा इकाईयों को राष्ट्रीय स्तर का सर्टिफिकेश भी मिला है।
स्टेट रिव्यू मिशन के दौरान किए गए गहन निरीक्षण, आकस्मिक जांच और लगातार समीक्षा का सकारात्मक प्रभाव अब प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार दर्ज किया गया है और चिकित्सा संस्थानों में सेवा गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही के नए मानक स्थापित हुए हैं. इस प्रकार की सतत निगरानी और समीक्षा से न केवल स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ रही है, बल्कि आम नागरिकों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास भी मजबूत हुआ है।
*राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मण्डलीय परियोजना प्रबंधक आनन्द चौबे ने बताया* कि झाँसी मण्डल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये अनेक अभिनव पहल की जा रही हैं। स्टेट रिव्यू मिशन में मण्डल के तीनों जनपदों को संस्थागत व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता से संबंधित बिन्दुओं पर अधिक अंक प्राप्त हुये, यह एक अच्छी रणनीति के क्रियान्वयन का फल है।
*स्टेट रिव्यू मिशन की खास बातें*
1. निरीक्षण के लिए राज्य स्तर पर विशेष 'फैसिलिटी ऑब्जर्वेशन चेकलिस्ट' विकसित की गई. इसके माध्यम से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी ढांचे, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधनों की स्थिति, एंबुलेंस सेवाओं, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध सुविधाओं तथा रिकॉर्ड प्रबंधन का मूल्यांकन किया गया.
2. रोगियों से फीडबैक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक गुणवत्ता का भी आकलन किया गया.
3. मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण कराया गया जिसमें व्यव्स्थाएँ मानक के अनुरूप मिली।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।
