शुक्लापुर विद्यालय में सिलसिलेवार चोरियों पर बेवजह आरोप या साज़िश लापरवाही।
चार वर्षों से एक जैसी परिस्थितियों में चोरी की घटनाएं, विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी उठने लगे प्रश्न
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां, हरदोई। विकासखंड मल्लावां के प्राथमिक विद्यालय शुक्लापुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। वर्ष 2023 से लेकर 2026 तक विद्यालय परिसर में चार बार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। खास बात यह है कि हर बार विद्यालय प्रबंधन द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर मामला पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिससे अब विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार विद्यालय में पहली चोरी वर्ष 2023 में सावन माह के तीसरे रविवार की रात हुई थी। इसके बाद 2024 और 2025 में भी लगभग समान समय पर चोरी की घटनाएं हुईं। वर्ष 2026 में चौथी बार चोरों ने विद्यालय के साथ पंचायत भवन को भी निशाना बनाते हुए सात कमरों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। वहीं हर बार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने से चोरी की घटनाओं के पीछे किसी स्थानीय संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल पुलिस पर सवाल उठाने के बजाय विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग और ग्रामीणों के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। अभिभावकों और ग्रामवासियों की बैठक कर निगरानी व्यवस्था बनाई जाए तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं पर विराम लगाया जा सके।

