सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
*गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग, नौ लोग झुलसे, आठ लोग हैलट रेफर*
*डीएम-एसपी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण,मेडिकल कॉलेज पहुंचकर लिया जायजा*
फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में रविवार रात गैस सिलिंडर पाइप में लीकेज से भीषण आग लगने से नौ लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि पिलखिनी गांव निवासी संतोष लोधी की पत्नी कलावती (40) रात करीब 9 बजे रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव होने पर अचानक आग लौ बन कर निकलने लगी और कलावती उसकी चपेट में आ गईं।शोर सुनकर बचाने पहुंचे परिवार के साजन (17), सुलेखा (10), दामाद संजय, पुत्री सुनीता (25), 7 माह का नाती, रीता (35), सोनी (10) और पड़ोसी करन (26) भी झुलस गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सामान और गृहस्थी जलकर राख हो गई। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से गोपालगंज पीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
सूचना पर एएसपी ज्ञान प्रकाश राय और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि दमकल टीम ने आग पूरी तरह बुझा दी है। देर रात डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। डीएम ने प्राचार्य को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


