मेला देखने गया 7 वर्षीय मासूम चार दिन बाद मक्के के खेत में मिला शव घर में मचा कोहराम
ब्यूरो रिपोर्ट
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
मल्लावां (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम मटियामऊ में 7 वर्षीय मासूम अबू स्वाहेल का शव मक्के के खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मासूम 1 मई को रात्रि 8 बजे घर के सामने मेला देखने निकला था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।जानकारी के अनुसार, वादी अकील पुत्र समीदुल हसन निवासी ग्राम मटियामऊ ने 2 मई 2026 को थाना मल्लावां में अपने पुत्र के लापता होने की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी थी। इसके लिए थाना स्तर पर दो टीमों का गठन किया गया था, जो लगातार खोजबीन में जुटी थीं।
इसी क्रम में मंगलवार 5 मई को बालक का शव गांव के बाहर तिर्वा रोड पेट्रोल पंप के पीछे मक्के के खेत में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा की कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इस घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अब्बू स्वाहेल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।

