Etawah News: जसवंतनगर में नगर पालिका का भंडाफोड़, देर रात में पालिका कार्यालय में क्या हुआ, लगे भ्रष्टाचार के आरोप
रात में खुली नगर पालिका, हंगामे के बीच भ्रष्टाचार के आरोप नगर पालिका कार्यालय में देर रात हंगामे के दौरान जुटी भीड़ व मौके पर पहुंची पुलिस टीम
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। शुक्रवार देर रात करीब आठ बजे नगर पालिका परिषद कार्यालय खुला होने की सूचना पर राजनीतिक माहौल गरमा गया। सूत्रों के अनुसार अधिशासी अधिकारी राम वचन सरोज, पालिका अध्यक्ष सत्य नारायण शंखवार व कुछ कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालय के अंदर कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि यह गतिविधियां सभासदों की जानकारी के बिना की जा रही थीं।जैसे ही इसकी भनक चेयरमैन समर्थक सभासदों को लगी, उन्होंने पालिका कार्यालय को घेर लिया और मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभासदों ने ईओ व चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अनियमितताओं के आरोप लगाए। बाद में अंदर से गेट खोला गया, जिसके बाद सभासद भी भीतर पहुंच गए और जमकर बहस हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमल भाटी व कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अधिशासी अधिकारी को सुरक्षा घेरे में लेकर थाने पहुंचाया। कुछ देर बाद चेयरमैन व अन्य सभासद भी थाने पहुंच गए, जहां घंटों तक वार्ता चली।इस बीच बिजली गुल होने का लाभ उठाते हुए ईओ वहां से रवाना हो गए। पत्रकारों द्वारा प्रतिक्रिया मांगे जाने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
मामले में आरोप है कि जसवंतनगर-कचौरा मार्ग स्थित नहर कोठी के पास करीब 30 दुकानों की जमीन में से 14 दुकानों का आवंटन बिना बोर्ड प्रस्ताव के ही कथित रूप से कर दिया गया। यह भी आरोप है कि संबंधित अभिलेखों में प्रविष्टियां रात में की जा रही थीं।
घटना के बाद नगर में देर रात तक विभिन्न स्थानों पर सभासदों व लोगों के बीच चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पूरे मामले पर अभी तक किसी राजनीतिक दल की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
