Etawah News: मृदा परीक्षण अभियान के तहत पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का आयोजन
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर, इटावा। दिनांक 24 अप्रैल 2026 को कृभको द्वारा केबीएसके जसवंतनगर, इटावा को आवंटित मृदा परीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम प्रणाम किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मृदा परीक्षण अभियान चलाकर किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान धरबार श्री राम विरेश यादव रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगोष्ठी के दौरान किसानों को संतुलित उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया तथा फसलों की बेहतर पैदावार के लिए उर्वरकों का सही मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी गई।
कृभको के अधिकारियों द्वारा किसानों को संस्था के उत्कृष्ट उत्पादों की विस्तृत जानकारी दी गई और जैविक खेती को अपनाने के साथ-साथ संतुलित रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग पर जोर दिया गया। इसके अलावा किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया गया और इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही उर्वरकों का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में मृदा परीक्षण की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता तथा मृदा नमूना लेने की विधि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम के किसानों के खेतों से कुल 50 मृदा नमूने एकत्रित किए गए।
अंत में किसानों को मृदा परीक्षण के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए कृभको उत्पादों के उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे वे अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकें।

