आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
झांसी
दिनांक: 29 अप्रैल 2026
** जिलाधिकारी ने एफसीआई का एफएसडी गोदाम का किया औचक निरीक्षण, भंडारण व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
** एफसीआई द्वारा मोंठ एवं गुरसरांय स्थित डिपो सक्रिय न करने पर किया असंतोष व्यक्त
** गोदामों पर किसी भी दशा में ट्रकों की हाॅल्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी
** गोदाम पर पहुंचने वाले ट्रकों को दैनिक रूप से तीव्र गति में गेहूं उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
झांसी।जिलाधिकारी गौरांग राठी ने आज भारतीय खाद्य निगम के ग्वालियर रोड स्थित एफएसडी गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जनपद में चल रही गेहूं खरीद के दौरान केंद्रों से गेहूं भंडारण कि पर्याप्त व्यवस्था करने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत भंडारित खाद्यान्न की गुणवत्ता, रख-रखाव और वितरण व्यवस्था का जायजा लेना था।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने गोदाम में भंडारित गेहूं एवं चावल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और स्टॉक रजिस्टर से मिलान कराया। उन्होंने बोरियों के स्टैकिंग, डनेज व्यवस्था, नमी की जांच, कीटनाशक छिड़काव तथा फ्यूमिगेशन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने गोदाम परिसर में साफ-सफाई, आग से बचाव के उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों एवं गेट पास प्रणाली की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व सभी गोदामों की छतों की लीकेज जांच कर ली जाए ताकि अनाज खराब न हो।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने एफसीआई के प्रबंधक को निर्देशित किया कि पीडीएस के अंतर्गत उचित दर दुकानों को समय-सारिणी के अनुसार खाद्यान्न का प्रेषण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लाभार्थियों को समय पर राशन मिल सके। उन्होंने कहा कि भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनाज की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने अवगत कराया गया कि केवल एफएसडी झॉसी एवं पीईजी0 डगरवाहा डिपो में गेहॅू प्राप्ति का कार्य चल रहा है, जिसके कारण भण्डारण डिपो पर ट्रकों के हाल्टिंग की भी समस्या उत्पन्न हो रही है। पूर्व आयोजित बैठक में भारतीय खाद्य निगम को मोंठ एवं गुरसरॉय में स्थित डिपो को सक्रिय किये जाने के निर्देश दिये गये थे किन्तु प्रबन्धक, भारतीय खाद्य निगम द्वारा गेहॅू प्राप्ति कार्य में अपेक्षित रूचि नहीं लिये जाने के कारण मोंठ एवं गुरसरॉय स्थित डिपो अद्यतन सक्रिय नहीं हो पाये। जब कि मण्डल प्रबन्धक, भारतीय खाद्य निगम द्वारा आश्वासन दिया गया था कि दिनांक-27.04.2026 तक पंकज परमार वेयरहाउस, गुरसरॉय डिपो तथा दिनांक-28.04.2026 तक मॉ पीताम्बरा एग्रो वेयरहाउस, मोंठ डिपो को सक्रिय कराते हुए गेहॅू प्राप्ति का कार्य प्रारम्भ करा दिया जायेगा। क्षेत्रीय प्रबन्धक, एसडब्लूसी द्वारा भी समस्त व्यवस्था पूर्ण कर गेहॅू रिसीट का कार्य प्रारम्भ कराने का आश्वासन दिया गया, परन्तु आज निरीक्षण करने पर ज्ञात हुआ कि अभी तक उक्त भण्डारगृह सक्रिय नहीं किये गये हैं।जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि उपरोक्त दोनों डिपो भण्डारगृह को तत्काल सक्रिय कराया जाये। क्रय केंद्रों से गेहॅू का भण्डारण प्रारम्भ कराना सुनिश्चित करें तथा साथ ही निश्चित कार्ययोजना बनाते हुए क्रय किये जा रहे गेहॅू के सुरक्षित भण्डारण हेतु स्थान की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए केन्द्रों से पहुॅचने वाले ट्रकों को दैनिक रूप से तीव्र गति से उतार कराना सुनिश्चित करें, किसी भी दशा में ट्रकों की हॉल्टिंग सम्बन्धित समस्या उत्पन्न नहीं होने पाये, जिससे लक्ष्य के अनुरूप गेहॅू खरीद कार्य सुचारू रूप से चल सके।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी,अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व/ जिला गेहूं खरीद अधिकारी वरुण कुमार पांडेय, एफसीआई के डिपो प्रबंधक, डिप्टी आरएमओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।

