“ईद-उल-फितर” के पावन अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था का किया गया निरीक्षण, समस्त जिलेवासियों को दी गई शुभकामनाएं।
प्रखंड ठाकुरगंगटी
राजकुमार किशोर
दिनांक 21.03.2026 के “ईद-उल-फितर” के पावन अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा श्रीमती अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक गोड्डा श्री मुकेश कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न मस्जिदों, ईदगाहों एवं प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा में तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि त्योहार के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना न हो तथा आमजन सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने त्योहार का आनंद ले सकें। इस अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजनों एवं विशेष रूप से बच्चों से मुलाकात कर उन्हें “ईद-उल-फितर” की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के साथ सौहार्दपूर्ण संवाद कर उन्हें आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव का संदेश दिया। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ इस पावन पर्व को मनाएं तथा जिला प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दिए जाए एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने का आग्रह किया गया। जिला प्रशासन द्वारा “ईद-उल-फितर” के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक गोड्डा के द्वारा समस्त जिलेवासियों को “ईद-उल-फितर” की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा वैद्यनाथ उरांव, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।