तेज रफ्तार कार खड़ी रोडवेज बस से टकराई कार में लगी आग कार सवार मौके से फरार।
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं।देखते ही देखते आग ने पास खड़ी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग टक्कर के बाद किसी तरह बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए।
आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि रोडवेज बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के चलते सड़क के दोनों ओर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। आग बुझने के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी और आवागमन सुचारू रूप से चालू हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की ।वही कार पर सवार लोगो की तलाश की जा रही है। साथ ही नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। इस हादसे से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही है।
.jpg)