ब्युरोचीफ शैलेन्द्रसिंह बारडोली गुजरात
गुजरात के सूरत में 1000 रुपये के विवाद में हमला करने से पहले हमलावरों को पुलिस ने दबोच लिया।
सूरत के गोडादरा इलाके में देर रात हाई-वोल्टेज एक्शन जैसा दृश्य देखने को मिला, जब महज 1000 रुपये के विवाद में दो नाबालिग समेत 9 बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला करने जा रहे थे।हालांकि, सतर्क गोडादरा पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम को नाकाम कर दिया और आरोपियों को सड़क पर ही दबोच लिया। इस पूरे ऑपरेशन के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें पुलिस की त्वरित कार्रवाई साफ नजर आ रही है।
मामले के अनुसार, सचिन चौधरी से आरोपियों ने पहले उधार दिए 1000 रुपये की मांग की थी। सचिन द्वारा असमर्थता जताने पर आरोपियों ने फोन पर धमकी दी और हमला करने पहुंच गए। तीन बाइकों पर सवार होकर आए 9 बदमाशों के हाथों में धारदार चाकू थे।स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई ओर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें काबू में कर लिया गया। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खौफनाक मंजर सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि देर रात शांत सोसायटी में अचानक तीन बाइक घुसती हैं। हर बाइक पर तीन-तीन युवक सवार थे। कुल नौ बदमाश हाथों में रंग-बिरंगे बड़े चाकू लेकर पहुंचे थे।उनका इरादा साफ तौर पर हमला करने का था। सोसायटी में रहने वाले लोग यह दृश्य देखकर दहशत में आ गए। अचानक फैले इस आतंक से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अगर समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
भागते बदमाशों को फिल्मी अंदाज में पकड़ा पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगे। एक आरोपी ने तेज रफ्तार से बाइक भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी ने पीछे से पकड़कर उसे नीचे गिरा दिया। इससे बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई।
अन्य पुलिसकर्मी भी डंडे लेकर बदमाशों के पीछे दौड़े और एक-एक कर उन्हें पकड़ लिया। एक आरोपी गली में छिपने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। पूरी कार्रवाई किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी।
पुलिसकर्मी आरोपी के कंधे पर बैठा
एक आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटने के लिए जोरदार संघर्ष कर रहा था। इस दौरान पुलिसकर्मी ने उसे जमीन पर गिराकर काबू में किया और दोबारा भाग न सके, इसके लिए उसके कंधे पर बैठ गया। यह दृश्य बेहद रोमांचक और हैरान कर देने वाला था।
सड़क के बीचोंबीच हुई इस कार्रवाई को देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को लाइन में बैठाकर पूछताछ की और तलाशी में उनके पास से धारदार हथियार बरामद किए।
पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, सभी आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं और सूरत में मजदूरी या कलर काम करते हैं। इनके साथ दो किशोर भी शामिल था। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
