* मल्लावां अनियंत्रित बस की टक्कर युवक की मौत, चालक-परिचालक हिरासत में।
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के करवा मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस चालक और परिचालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, चिम्मन उर्फ विपनेश (27) पुत्र स्वर्गीय महिपाल सिंह निवासी ग्राम सुमेरपुर, पूर्व प्रधान छबिनाथ यादव की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर दैनिक मजदूरी करता था। सोमवार सुबह वह घर से यह कहकर निकला था कि दुकान से सामान लाकर अपना एक कमरा बनवाएगा। उसने ट्रॉली पर गिट्टी और सीमेंट लाद लिया था।
बताया जा रहा है कि सामान लादने के बाद प्यास लगने पर वह पास ही स्थित रमेश यादव के मकान के सामने लगे हैंडपंप पर पानी पीने गया। पानी पीने के बाद वह वहीं खड़ा था, जो सड़क से कुछ दूरी पर स्थित है। इसी दौरान मल्लावां से राघोपुर की ओर जा रही एक बस शुक्लापुर गांव के पास करवा मोड़ पर अनियंत्रित होकर चबूतरे पर चढ़ गई और युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बस सहित चालक और परिचालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मल्लावां थाना प्रभारी शिवाकांत पांडेय मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई मोर्चरी हाऊस में भेज दिया। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

