रोड के किनारे खड़ी झाड़ियों में अनियंत्रित हुई बाइक तालाब में गिरी एक की मौत, दूसरे की हालत गम्भीर
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई-मल्लावां। थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बाइक से घर से निकले दो दोस्तों में एक युवक का शव गहरे तालाब में मिला, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में पास ही पड़ा मिला, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, कासिमपुर थाना क्षेत्र के गांव बेहसार निवासी धर्मेंद्र पुत्र झब्बू उम्र 20 वर्ष अपने 22 वर्षीय साथी नवाब पुत्र रामशंकर के साथ शुक्रवार शाम करीब 7 बजे गौसगंज जाने को बाइक से निकला था। रात भर दोनों के घर न लौटने पर परिजन चिंतित थे।शनिवार सुबह मल्लावां-गौसगंज मार्ग पर स्थित पुरवायां गांव के पास एक गहरे तालाब में धर्मेंद्र का शव उतराता हुआ मिला। वहीं, कुछ दूरी पर सूखे तालाब में नवाब गंभीर अवस्था में पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर जब दोनों पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से धर्मेंद्र के शव को तालाब से बाहर निकलवाया और परिजनों को सूचना दी। शव मिलने की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घायल नवाब को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायल युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


