अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई। जनपद के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेंदुआ के निकट गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।मृतक की पहचान दीपांशु पुत्र भागीरथ (उम्र 20 वर्ष) निवासी ग्राम तेंदुआ, मल्लावां के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपांशु की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घायलों में लक्ष्मी नारायण (उम्र 35 वर्ष) निवासी बेरछा मऊ, कानपुर को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सोनू पुत्र जय सिंह को साधारण चोटें आईं, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तेज गति से आ रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मल्लावां कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


