लोकेशन आलोट संवाददाता डॉ सुनील चोपड़ा
श्री महावीर विद्यालय आलोट में आध्यात्मिक दिवस श्रद्धा व गरिमा के साथ मनाया गया
आलोट। नगर के श्री महावीर विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय संस्थापक स्वर्गीय कुंदनमलजी जैन दा साहब की पुण्यतिथि आध्यात्मिक दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उन्हे भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शांति पाठ का आयोजन किया गया।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेश्वर तीर्थ उन्हैल के सक्रिय समाजसेवी मोहनलाल जैन थे तथा विशेष अतिथि रमेशचंद्र तिवारी, मांगीलाल लोहार, संस्था उपाध्यक्ष सत्यनारायण कांकाणी, कोषाध्यक्ष धर्मचंद जैन, सचिव सिरेमल भंडारी, प्राचार्य मनोज शर्मा उपस्थित थे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में दा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें त्याग और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने बताया कि दा साहब ने निशुल्क आयुर्वेदिक औषधालय एवं पुस्तकालय का संचालन किया, गरीबों की सेवा तथा गौसेवा में अपना जीवन समर्पित किया। वे केवल निःशुल्क दवाइयाँ ही नहीं देते थे, बल्कि जरूरतमंदों को दूध के लिए भी सहायता प्रदान करते थे। उनके जीवन में अहंकार का लेशमात्र भी नहीं था और वे सभी को समान दृष्टि से देखते थे। वक्ताओं ने बताया कि 1973 में उन्होंने अच्छी शिक्षा, संस्कार, आचरण एवं व्यवहार की शिक्षा देने के उद्देश्य से महावीर विद्यालय की स्थापना की। आज विद्यालय एक वटवृक्ष की भांति उनकी ख्याति और मूल्यों को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत दा साहब के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात सरस्वती वंदना, णमोकार मंत्र एवं शांति पाठ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों रणवीर सिंह, बौधायन सिंह, आस्था पोरवाल, आराध्या सोलंकी, माधव मीणा एवं राधा आंजना ने विभिन्न महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर छत्रपति शिवाजी जयंती, रामकृष्ण परमहंस जयंती एवं गुरु गोलवलकर जी को भी नमन एवं वंदन किया गया।
संचालन अश्विनी मिश्रा एवं रुबिना खातून ने किया। अतिथि परिचय निधि धनोतिया द्वारा दिया गया। अंजली काला एवं मुस्कान भेसोटा ने द्वार पर अतिथियों का तिलक कर स्वागत किया। मंच पर अतिथियों का स्वागत विभाग प्रमुख सुश्री सुषमा तरानेकर, नवीन खेतरा, राहुल सोनी, वीरेंद्र सिंह पवार, शिखा शर्मा, नीतू रघुवंशी एवं समीना हैदरी द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने दा साहब के सेवा कार्यों से संबंधित संदेशों की तख्तियाँ हाथों में लेकर समाजसेवा का संदेश दिया। आभार प्रदर्शन प्राचार्य मनोज शर्मा द्वारा किया गया।
फोटो,
