ब्यूरोरिपोर्ट भरतसिंह आर ठाकोर अरवल्ली गुजरात 9638076908
*भारत, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव में जिम्बाब्वे की राजदूत और उद्योग एवं वाणिज्य उप मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल से की शिष्टाचार भेंट*
*गुजरात के एमएसएमई सेक्टर के कौशल और विशेषज्ञता का लाभ जिम्बाब्वे के लघु और मझौले उद्यम क्षेत्र को मिलेगा*
*मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट समिट-2027 और वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में सहभागी होने का आमंत्रण दिया*
*शिष्टमंडल ने गुजरात के साथ उद्योग-व्यापार और शिक्षा क्षेत्र में संबंधों को मजबूत करने की उत्सुकता दिखाई*
*गांधीनगर, 13 फरवरी :* भारत, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव में जिम्बाब्वे की राजदूत सुश्री स्टेला नकोमो और जिम्बाब्वे के उद्योग एवं वाणिज्य उप मंत्री श्री राजेन्द्र कुमार मोदी सहित एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की।यह शिष्टमंडल अहमदाबाद में 11 से 15 फरवरी के दौरान चल रहे सौराष्ट्र व्यापार उद्योग मंडल के 12वें ट्रेड शो में सहभागी होने के लिए गुजरात की यात्रा पर है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के साथ हुई मुलाकात बैठक के दौरान शिष्टमंडल ने इस बात को लेकर फलदायी चर्चा-परामर्श किया कि कैसे जिम्बाब्वे के लघु और मझौले उद्यम (एसएमई) सेक्टर को गुजरात के एसएमई सेक्टर के कौशल और विशेषज्ञता का सहयोग मिल सकता है।जिम्बाब्वे की राजदूत और उप मंत्री ने इस संदर्भ में कहा कि गुजरात मैन्युफैक्चरिंग हब, ऑटो हब और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्र में भी हब बनने के साथ ही सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) सेक्टर में भी अग्रणी है और जिम्बाब्वे इसका लाभ उठाने को उत्सुक है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने भी गुजरात की एमएसएमई की इस विशेषज्ञता का लाभ जिम्बाब्वे को मिल सके, इसके लिए उनके एसएमई सेक्टर की क्षमता, कौशल विकास तथा प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग के माध्यम से आगे बढ़ने की संभावनाएं तलाशकर मदद करने की तत्परता व्यक्त की।
जिम्बाब्वे के शिष्टमंडल ने उद्योग-व्यापार के अलावा शिक्षा क्षेत्र में भी गुजरात के साथ संबंधों का दायरा बढ़ाने में रुचि दिखाई। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि जिम्बाब्वे के पुलिस और सुरक्षा अधिकारी गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) में सिक्योरिटी और साइबर क्राइम सिक्योरिटी जैसे विभिन्न विषयों के उच्च पाठ्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने जिम्बाब्वे को आगामी वाइब्रेंट समिट-2027 और वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस की अगली कड़ी में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
जिम्बाब्वे की राजदूत और उप मंत्री ने मार्च-2026 में वहां आयोजित होने जा रहे एसएमई एग्जीबिशन के अवलोकन के लिए गुजरात के एमएसएमई सेक्टर के उद्योगकारों और राज्य सरकार के अधिकारियों को आमंत्रण दिया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसके परिणामस्वरूप एसएमई और व्यापार जगत के लोगों के साथ बातचीत और उद्योगों का दौरा करने से जिम्बाब्वे के एसएमई सेक्टर को नई टेक्नोलॉजी के अनुरूप विकास के अवसर मिलेंगे।
इस शिष्टाचार मुलाकात बैठक में उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव सुश्री ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री संजीव कुमार, उद्योग आयुक्त श्री पी. स्वरूप और मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे मौजूद रहे।


