परलकोट क्षेत्र में धान खरीदी में विलंब: किसान चिंतित, व्यवस्था पर सवाल।
पत्रकार स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
शासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद, परलकोट क्षेत्र में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत नहीं हो सकी है, जिससे किसानों में गहरी चिंता और आक्रोश है। धान खरीदी केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है, जो प्रशासन की लचर और अव्यवस्थित तैयारी को उजागर करता है।जिस दिन किसानों को अपनी मेहनत का फल बेचना था, उस दिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कई किसान टोकन कटवाने और अपना नाम लिखवाने के लिए खरीदी केंद्र पहुंचे थे, लेकिन खरीदी चालू न होने के कारण उन्हें निराशा हुई।
स्थानीय किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि, "इस बार हमें आशंका है कि हम समय पर अपना धान नहीं बेच पाएंगे।" उन्होंने शासन से तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाते हुए कहा कि जल्द से जल्द खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि उन्हें किसी तरह का आर्थिक नुकसान न हो।
इस विलंब से स्पष्ट रूप से सामने आ रही लचर व्यवस्था किसानों की परेशानी को बढ़ा रही है। समय पर खरीदी शुरू न होने से न केवल किसानों के सामने भंडारण और सुरक्षा की समस्या खड़ी होगी, बल्कि उनकी अगली फसल की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है।
