पी वी 36 जलाशय की आरबीसी नहर पर अवैध कब्जा, खेती-बाड़ी का काम जारी।
पत्रकार स्वतंत्र नामदेव
कांकेर जिला ब्यूरो
पीवी 9 के निवासीयो ने सरकारी नहर को पाटकर ज़मीन बना दिया है,पी वी 36 जलाशय से निकलने वाली आरबीसी (राइट बैंक कैनाल) नहर के महत्वपूर्ण हिस्से पी वी 09 के पास ग्रामीणों ने अवैध रूप से कब्जा कर नहर को तोड़कर खेती-बाड़ी का काम कर रहे है। इस अवैध कब्जे के कारण नहर की क्षमता और जल वितरण प्रभावित हो गई है। जिससे आने वाले रवि फसल में पी वी 09 एवं 115 के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार नहर को पाटकर खेती करने वालों की पहचान पीवी 9 नंबर निवासी शिवपाद विश्वास, सुशंकर विश्वास, और मुकेश वर्मन के रूप में हुई है। इन व्यक्तियों द्वारा बड़े पैमाने पर नहर को पाटकर खेती का काम किया जा रहा है, जो स्पष्ट रूप से सिंचाई विभाग के नियमों का उल्लंघन है।
नहर को पाटकर अवैध रूप से खेती करना न केवल सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है, बल्कि यह नहर के तटबंधों को भी कमजोर कर रहा है, भविष्य में जलाशय से निकलने बाली नहर टूटने या रिसने का खतरा बढ़ गया है। खासकर सिंचाई के पीक सीज़न में, नहर में पानी के बहाव को रोकने या मोड़ने से टेल-एंड के किसानों तक पानी पहुँचने में समस्या हो सकती है।
जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन की निगरानी के बावजूद इतनी महत्वपूर्ण नहर पर अवैध कब्जा कैसे हो गया? किसानों और स्थानीय लोगों ने विभाग से तत्काल इस मामले का संज्ञान लेने और कब्जाधारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी सिंचाई पखांजूर अंकित कुमार साहू से बात करने पर उन्होंने बताया सरकारी नहर पर कब्जा करना गैर कानूनी है जल्द ही जांच कराई जाएगी जांच के बाद वैधानिक कार्यवाही हेतु एसडीएम कार्यालय पखांजूर में जांच प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
