पीडब्लूडी विभाग में अनियमितताओं का आरोप, भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से की जांच की मांग
ब्यूरो चीफ TTN 24 NEWS
प्रतापगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्माण खंड-2 में वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता बृजमोहन सिंह के कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।पत्र में आरोप लगाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में शासन से प्राप्त बजट के वितरण में भारी अनियमितता की गई। कई ठेकेदारों की शिकायतों का हवाला देते हुए कहा गया है कि बजट आवंटन में पक्षपात और मनमानी की गई, जिससे अनेक विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
अजय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अधिशासी अभियंता के कार्यकाल में किए गए भुगतान, वित्तीय लेन-देन तथा ठेकों की जांच किसी सक्षम एजेंसी अथवा एसआईटी से कराई जाए। उनका कहना है कि पूर्व में भी ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों पर जिला एवं शासन स्तर से कार्रवाई हो चुकी है।
पत्र की प्रति जिलाधिकारी को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि इस शिकायत पर शासन और प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
