Etawah News: लखनऊ के एक कोचिंग अग्निकांड के बाद इटावा प्रशासन अलर्ट, कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश जारी
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद इटावा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर के नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में जनपद के कोचिंग संस्थान संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना था।बैठक में अधिकारियों ने सभी कोचिंग संचालकों को निर्देश दिए कि संस्थानों में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहें और उनकी नियमित जांच कराई जाए। साथ ही विद्युत व्यवस्था सुरक्षित हो, आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुले और अवरोधमुक्त रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन मौजूद हों।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने यह भी कहा कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए। इसके अलावा नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित कर आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी का अभ्यास कराया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संस्थान संचालकों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करने की अपील की।
बैठक के अंत में लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों के संचालक उपस्थित रहे।
