खतौनी की भूमि में जबरन रास्ते की मांग पीड़ित ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
अम्बेडकरनगर
जलालपुर तहसील क्षेत्र के महमदपुर ओद्दरपुर निवासी संजय सिंह पुत्र हरि नारायण सिंह न्याय के लिए तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक अधिकारियों के चक्कर लगाते-लगाते परेशान हो चुके हैं। पीड़ित ने जिले के अधिकारियों के साथ ही मंत्री स्तर तक शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है।पीड़ित के अनुसार गाटा संख्या 1224 उनके पिता एवं अन्य पाटीदारों के नाम खतौनी में दर्ज है। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि संक्रमणीय होने के बावजूद वह अपने खेत की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं।आरोप है कि विपक्षी पक्ष जबरन खेत से रास्ता निकालने का दबाव बना रहा है।संजय सिंह का कहना है कि भूमि के किसी भी दिशा में राजस्व अभिलेखों में कोई चक मार्ग दर्ज नहीं है और इस संबंध में राजस्व टीम की रिपोर्ट भी उपलब्ध है। इसके बावजूद विपक्षीगण लगातार दबाव बना रहे हैं।पीड़ित के मुताबिक 12 मई 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे वह ट्रैक्टर से खेत समतल करा रहे थे तभी विपक्षी पंकज कल्पू रामलाल रमेश छांगुर अच्छेलाल संजय लक्ष्मीना समेत 10 से 15 अज्ञात महिला-पुरुष लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर के सामने लेट गए। विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे।पीड़ित ने आरोप लगाया कि विपक्षी अनुसूचित जाति अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर मानसिक दबाव बना रहे हैं।मामले को लेकर जैतपुर थाने में तहरीर दी गई है। अब पीड़ित प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहा है।