संवाददाता हितेश कुमार जोशी
सिरोही में मौत का तांडव, ट्रेलर ने 3 युवकों को रौंदा, 2 दिन बाद थी एक की शादी
2 दिन बाद बजने थे शहनाई, घर लौटी मौत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार (21 मई) दोपहर डबानी मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ. एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तीनों युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल एक युवक के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और दो दिन बाद उसकी बारात जानी थी. घर में चारों तरफ खुशियों का माहौल था और तीनों युवक शादी का ही सामान खरीदकर वापस लौट रहे थे. जैसे ही इस हादसे की खबर गांव और परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
भाग रहे ट्रेलर को ग्रामीणों ने पकड़ा हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत भागने की कोशिश कर रहा था. लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने दिलेरी दिखाते हुए पीछा किया और ट्रेलर को रुकवा लिया. हालांकि, भीड़ का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा. सूचना पर पहुंची अनादरा थाना पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम
इस भयानक हादसे के बाद स्थानीय लोगों और युवाओं में भारी आक्रोश फूट पड़ा. हाइवे बायपास आंदोलन समिति के सदस्यों और सैकड़ों ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा बंद होने के बाद से इस हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही बहुत ज्यादा बढ़ गई है, जिससे लगातार ऐसे जानलेवा हादसे हो रहे हैं. दो दिन पहले ही क्षेत्र के लोगों ने पाथावाड़ा से सिरोही बाहरी घाटे तक भारी वाहनों को डायवर्ट करने और बायपास निर्माण की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा था. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बायपास का निर्माण नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हैं.
