फर्रुखाबाद ब्रेकिंग
रिपोर्ट सौरभ दीक्षित फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन वर्षीय मासूम की मौत, चार घायल।
फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार ने शादी समारोह से लौट रहे परिवार के ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां, दादी, बड़े भाई और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने फरार कार चालक की पहचान कर ली है और मामले की जांच में जुट गई है।शादी समारोह से लौट रहा था परिवार।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहिबगंज नारायण दास निवासी अभिजीत तिवारी का परिवार आवास विकास स्थित डायमंड पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उनकी पत्नी पूजा तिवारी, माता रीता तिवारी, 13 वर्षीय बड़ा बेटा चेतन तिवारी और 3 वर्षीय छोटा बेटा तेजस तिवारी एक ई-रिक्शा से अपने घर वापस लौट रहे थे। इस ई-रिक्शा को हैवतपुर गड़िया निवासी सोनू चला रहा था।
क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के पास हुआ हादसा।
जैसे ही उनका ई-रिक्शा बढ़पुर स्थित क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के सामने पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग झटके से सड़क पर गिर पड़े।
अस्पताल में मासूम को किया गया मृत घोषित।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने तीन वर्षीय मासूम तेजस को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे में घायल दादी रीता तिवारी, मां पूजा तिवारी, भाई चेतन तिवारी और चालक सोनू का अस्पताल में इलाज जारी है।
आरोपी चालक की हुई पहचान।
दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने मासूम के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

