आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
झांसी
दिनांक 19 फरवरी 2026
** सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से होगी ग्रामीण सड़क की निगरानी:- प्रभारी जिलाधिकारी
** ग्रामीण सड़क पर ओवरलोडिंग वाहन चलते पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस/परिवहन को दी जिम्मेदारी
** स्कूल/कॉलेज बिना फिटनेस के वाहन चलाने पर सीधे होंगे जिम्मेदार , दुर्घटना होने पर होगा मुकदमा दर्ज
** बिना फिटनेस वाहन संचालन पर 58 वाहनों के काटे गए चालान, रोड पर चलते पाए जाने पर होगा लाइसेंस निरस्त
** सड़क सुरक्षा अंतर्गत प्रवर्तन कार्यों पर किया संतोष व्यक्त, बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर 108 काटे गए चालान
झांसी।आज विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का हुआ आयोजन।प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ श्री जुनैद अहमद ने ओवरलोडिंग वाहनों से ग्रामीण सड़क के क्षतिग्रस्त होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अब सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से ग्रामीण सड़क की करें निगरानी ताकि ओवरलोड वाहनों के संचालन को रोका जा सके। क्षतिग्रस्त हो रही ग्रामीण सड़कों की जानकारी देते हुए बताया कि गरौठा क्षेत्र में रमपुरा सिमरधा मार्ग, गरौठा- मोतीकटरा-कुरैछा मार्ग, दुगारा-बगरौनी -मारकुआं-गुढ़ा मार्ग सभी बालू खनन क्षेत्र से संबंधित हैं एवं झांसी क्षेत्र में रक्सा करारी मार्ग क्रेशर से प्रभावित हैं जो ओवरलोड वाहनों के संचालन से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
प्रभारी जिलाधिकारी जुनैद अहमद ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इन मार्गों पर चलने वाले ओवरलोड वाहनों के संचालन को पूर्णत: रोके जाने के लिए सख्त से सख्त कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि मा0 उच्चतम न्यायालय द्वारा स्कूली वाहनों से संबंधित निर्दिष्ट मानकों का सख्ती से अनुपालन किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधक यह प्रमाणित करें कि कोई भी बच्चा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन से स्कूल नहीं आएगा,यदि स्कूल की ड्रेस में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे द्वारा बिना लाइसेंस वाहन चलाने के दौरान यदि दुर्घटना होती है तो अभिभावक /प्रधानाचार्य पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि समस्त स्कूलों को सूचीबद्ध करते हुए रोस्टर बनाते हुए रैंडमली जांच करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए की बिना फिटनेस के स्कूल वाहन यदि संचालित होता है तो इसकी सीधी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि वाहन फिटनेस के 03 नोटिस देने के बाद यदि फिटनेस नहीं होती है तो संबंधित वाहन का लाइसेंस निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा यदि विद्यालय द्वारा बाहर से वाहन लगाए हैं। यदि दुर्घटना होती है तो संबंधित विद्यालय की सीधी जिम्मेदारी तय होगी।
बैठक में एआरटीओ श्री एस के अग्रवाल ने बताया कि जनपद में कुल 490 स्कूली वाहन पंजीकृत सभी वाहनों की चेकिंग कर ली गई है। ऐसे वाहन जिनकी फिटनेस समाप्त हो गई और कंडीशन खराब है,ऐसे वाहनों का अब संचालन नहीं किया जाएगा। यदि संचालन होता पाया जाता है तो उनका रजिस्ट्रेशन समाप्त कर दिया जाएगा।
एआरटीओ एस के अग्रवाल ने सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रवर्तन कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि माह में 108 बिना लाइसेंस वाहन चलाने, वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप न होने पर 232 एवं मॉडिफाइड साइलेंसर तथा प्रेशर हॉल लगे होने की दशा में 02 वाहनों का चालान किया गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नोडल अधिकारी अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड रजनीश गुप्ता ने झांसी नगर में आमजन मानस को सुलभ यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने की दृष्टिगत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया जेल चौराहा पर भूमिगत विद्युत वायरिंग का कार्य 05 फरवरी से किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन कार्य स्थल पर प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। विद्युत पोलों के कारण पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही जिस कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नोडल अधिकारी अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री रजनीश गुप्ता जानकारी देते हुए बताया की जनपद के ब्लैक स्पॉट के निस्तारण हेतु लॉन्ग टर्म सोल्यूशन की कार्यवाही करते हुए सभी का स्थाई निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया की समस्त ब्लैक स्पॉट पर त्वरित कार्रवाई प्रारम्भ करते हुए कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के ब्लैक स्पॉट की जानकारी देते हुए बताया कि स्थायी निस्तारण हेतु कार्य पूर्णता पर है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, एआरटीओ एस के अग्रवाल,सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी संदीप शर्मा, एनएचएआई सहित विभिन्न स्कूलों से आये स्कूल प्रबंधक/प्रधानाचार्य,बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन, आटो एसोसिएशन के पदाधिकारी व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।
