विनोद कुमार पांडे ब्यूरो चीफ
मनेंद्रगढ़ नगर पालिका बनी भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला, भाजपा संरक्षण में लूट का आरोप – कांग्रेस का जोरदार घेराव
एमसीबी जिलामनेंद्रगढ़। भाजपा सरकार के संरक्षण में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। वित्तीय अनियमितताओं, नियमों की अनदेखी और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रही गंभीर लापरवाही के विरोध में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद कार्यालय का जोरदार घेराव किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा शासित नगर पालिका परिषद पर जनता के धन की खुली लूट का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग की।
घेराव कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी चौक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात कांग्रेसजनों ने पैदल रैली निकालते हुए नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुँचकर नारेबाज़ी की और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार तथा नगर पालिका परिषद में बैठे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए कहा कि भाजपा शासन में नगर पालिका परिषद को नियमों से नहीं, बल्कि मनमानी से चलाया जा रहा है, जिससे आम जनता और कर्मचारी दोनों परेशान हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि पार्षद निधि, अधोसंरचना निधि एवं 15वें वित्त आयोग की राशि का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सीधे-सीधे जनता के पैसे की लूट है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की कार्यवाही में हेराफेरी की जा रही है। प्रस्तावों को बदलकर छलपूर्वक पारित किया जाता है और कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं दिया जा रहा। उन्होंने अध्यक्ष पति के अवैधानिक हस्तक्षेप को भी गंभीर आरोप बताते हुए नगर पालिका को निजी जागीर की तरह चलाने का प्रयास बताया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि भूपेंद्र क्लब में मलवा उठाने के नाम पर किया गया भ्रष्टाचार भाजपा नेताओं की कार्यशैली को उजागर करता है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जाँच की माँग की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि नगर पालिका परिषद में पारदर्शिता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। उपस्थिति पंजी और प्रस्ताव पंजी को पृथक रूप से संधारित न करना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि सामान्य सभा में रखे गए प्रस्तावों को बदलकर अन्य प्रस्ताव पारित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मज़ाक है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रही देरी को अमानवीय बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और नगर पालिका कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने कहा कि भाजपा की नगर पालिका परिषद ने विकास कार्यों को पूरी तरह ठप कर दिया है। जनता सच्चाई जान चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद में कांग्रेस पार्षदों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हक और अधिकार की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।
इस दौरान पार्षद स्वप्निल सिन्हा, सईद अहमद, कृतिका रवि जैन, मुकेश अग्रवाल, गिरधर जायसवाल, इमरान खान एवं किरण कुजूर ने संयुक्त रूप से कहा कि नगर पालिका परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाकर ही दम लिया जाएगा।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से माँग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कर दोषी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
घेराव कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ ग्रामीण रामनरेश पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, पूर्व उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, पार्षद, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
