समूह सखियों की बैठक में आजीविका मिशन पर जोर
एच एल यादव (जौनपुर )
महराजगंज ब्लाक सभागार में समूह सखियों की बैठक खण्ड विकास अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुई। बैठक में समूह सखियों को उनके कार्यों की महत्ता, जिम्मेदारियों और नवनिर्मित तकनीकी प्रयोगों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में एडीओ आईएसबी संजय श्रीवास्तव ने समूह सखियों को संबोधित करते हुए कहा कि, "समूह सखियों का कार्य केवल समूहों का गठन करना नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षित, जागरूक और अभिलेख अद्यतन रखने का भी उत्तरदायित्व निभाना है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक समूह सखी को अपने कार्य में निष्ठा, लगन और पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए।
खण्ड विकास अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह ने निर्देश दिया कि समूह सखी प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा मनरेगा की महिला श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
ब्लॉक मिशन प्रबंधक संतोष कुमार ने समूह सखियों को लोकेश ऐप के माध्यम से केवाईसी प्रक्रिया को पूर्ण करने का प्रशिक्षण दिया। वहीं नाबार्ड से आए लवकुश दुबे ने साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताते हुए डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने पर बल दिया।
बैठक में समूह सखियों की भागीदारी अधिक रही।