Etawah News: सप्तधारा कुंड में सैकड़ों मछलियों की मौत, गंदगी और ऑक्सीजन की कमी बनी वजह
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
जसवंतनगर। भोगनीपुर गंग नहर से निकली खारजा झाल के हनुमान मंदिर के पास स्थित सप्तधारा कुंड में सैकड़ो मछलियों के मरने का मामला सामने आया है। प्रतिदिन आसपास के कई गांवों से लोग यहां हजारों मछलियों को चुगाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन रविवार सुबह का दृश्य देखकर ग्रामीणों में चिंता फैल गई।रविवार को जब ग्रामीण कौशलेन्द्र, अश्विनी, श्यामू, विवेक, योगेश आदि कुंड पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सैकड़ों मछलियां पानी में मृत अवस्था में उतरा रही थीं। इसके साथ ही कुंड का पानी भी अत्यधिक गंदा नजर आया। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों देखने को मिली।ग्रामीणों का आरोप है कि अभी नवरात्रि के दौरान ब्रह्माणी देवी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओ द्वारा कुंड में कूड़ा-करकट डालने से लगातार गंदगी जमा होने से कुंड का पानी दूषित हो गया है और पानी का प्रवाह रुकने से उसमें ऑक्सीजन की मात्रा भी कम हो गई है। गंदगी के सड़ने से उत्पन्न स्थिति के कारण मछलियों का जीवित रहना मुश्किल हो गया, जिससे उनकी मौत हो रही है।ग्रामीणों ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कुंड पूरी तरह प्रदूषित हो सकता है और जलीय जीवन समाप्त होने का खतरा बढ़ जाएगा।
इस संबंध में नहर विभाग के जेई महिपाल सिंह ने बताया कि भोगनीपुर गंग नहर से कुंड में पानी छोड़े जाने की व्यवस्था कराई जा रही है। ताजा पानी आने से कुंड की स्थिति में सुधार होगा और मछलियों की मौत पर रोक लग सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कुंड में गंदगी न डालें और इसकी साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।
फोटो:-हनुमान मंदिर के पास स्थित सप्तधारा कुंड में मृत पड़ी मछलियां ओर पड़ी गंदगी।


