हरदोई संडीला थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत में बने छप्पर के नीचे किसान की संदिग्ध मौत, सिर में चोट के निशान, हत्या की आशंका
चन्दगीराम मिश्रा
हरदोई यूपी
हरदोई थाना संडीला में किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव खेत पर पड़े छप्पर के नीचे मिला। सर में चोट के निशान होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।जानकारी के अनुसार ग्राम मीतो निवासी रंजीत यादव ने पुलिस को सूचना देते बताया कि उनके पिता हुकुम सिंह यादव गांव के किनारे स्थित खेत में जानवरों को रखाने के लिए बने छप्पर में रोज की तरह सो रहे थे।
सुबह उनका छोटा भाई अजीत जब वहा पर पहुंचे तो देखा कि उनके पिता चारपाई पर मृत अवस्था में पड़े हैं। उनके सिर में गंभीर चोट के निशान थे और खून निकला हुआ था। परिजनों के अनुसार मृतक का किसी से कोई विवाद नहीं था। छप्पर के नीचे बंधे जानवर व अन्य सामान सुरक्षित मिले हैं। परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है।सूचना मिलते ही सीओ संडीला संतोष कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक विद्या सागर पाल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी लेने के साथ छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

