संवाददाता रेहान ख़ान रिपोर्टर फर्रुखाबाद 9452755077
फर्रुखाबाद निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने डॉक्टर-स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया
फर्रुखाबाद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मृत्यु हो गई। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।अंकित राठौर ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी निशा को डिलीवरी के लिए 30 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 3 बजे लखतादार अस्पताल में भर्ती कराया था। 1 दिसंबर 2025 की रात 3 बजे ऑपरेशन से उन्हें एक बेटा हुआ।हालांकि, 2 दिसंबर 2025 की सुबह 7:30 बजे उपचार के दौरान निशा की मृत्यु हो गई। पति अंकित राठौर ने आरोप लगाया कि सुबह स्टाफ ने उनकी पत्नी को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
मृतक निशा की मां मीना देवी ने बताया कि आशा बहू अनीता ने उनकी बेटी को इस अस्पताल में भर्ती कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने 70,000 रुपये मांगे थे, जिसमें से 30,000 रुपये जमा कर दिए गए थे। मीना देवी के अनुसार, उनकी बेटी ठीक थी, लेकिन स्टाफ द्वारा सुबह सुई लगाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने डॉक्टर और स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अंकित राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को इंजेक्शन और बोतल लगी थी। मौत के बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें तुरंत किसी दूसरे अस्पताल, जैसे कानपुर ले जाने को कहा। जब उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है, तो भी उन्हें रेफर के लिए भेज दिया गया। इसके बाद पूरा स्टाफ और डॉक्टर अस्पताल छोड़कर भाग गए।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह और रायपुर चौकी इंचार्ज अरविंद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि एक महिला की डिलीवरी के एक दिन बाद इलाज के दौरान मृत्यु हुई है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

