जामताड़ा में गोलीकांड के विरोध में पूर्ण बंद, व्यापारियों का पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
रिपोर्ट: जामताड़ा से दीनबंधु राउत
शहर में हुए गोलीकांड के विरोध में शुक्रवार को जामताड़ा शहर पूरी तरह बंद रहा। जामताड़ा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्वतःस्फूर्त बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही शहर के लगभग सभी छोटे-बड़े प्रतिष्ठान बंद रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और आम जनजीवन ठप हो गया। गोलीकांड से आक्रोशित व्यापारियों ने जिला पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है। व्यापारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होंगे।प्रदर्शन के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करे नहीं तो उग्र आंदोलन करेंगे। अपराधियों के सामने पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि जिले में भय का माहौल बन गया है। आए दिन लूट, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं से व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बंद के दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।हालांकि, बंद के दौरान कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर में स्थिति तनावपूर्ण जरूर रही, लेकिन पूरी तरह शांत बनी रही। अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि वह व्यापारियों के अल्टीमेटम के बाद कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और अपराधियों की गिरफ्तारी कर जिले में कानून-व्यवस्था बहाल कर पाता है या नहीं।
