आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
07 फरवरी 2026
अभिसिंचन श्रृंखला के अंतर्गत मास्टर एथलीट एवं कोच मिश्री लाल ने बच्चों को किया प्रोत्साहित।
खेलों के माध्यम से जीवन को संवारने के दिए महत्वपूर्ण टिप्स।
झांसी। बाल भारती कॉलेज ईसाई टोला में अभिसिंचन श्रृंखला के तहत मास्टर एथलीट एवं वरिष्ठ कोच श्री मिश्रीलाल ने बच्चों के बीच आ कर अपने खेल जीवन के संघर्ष एवं महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उनको बताया कि खेलों के माध्यम से कैसे हम अपने जीवन को संवार सकते हैं।गौर तलब है कि बाल भारती कॉलेज में अभिसिंचन श्रृंखला चलायी जाती है जिसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यालय के बच्चों के बीच आकर उनसे चर्चा करते हैं और क्षेत्र विशेष में सफल होने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी एवं सुझाव देते हैं।
मास्टर एथलीट एवं कोच मिश्रीलाल ने विद्यालय के बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें अपने जीवन संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में बताया, उन्होंने बताया कि उनके माता पिता साधन संपन्न नहीं थे, उनकी जो भी मिलता था वे खुशी खुशी खाते थे और प्रतिदिन अभ्यास किया करते थे, उनको मेहनत का फल मिला और स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे में नौकरी प्राप्त की, और आज भी रेलवे से सेवा निवृत होने के बाद 66 वर्ष की उम्र में वे देश विदेश में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं प्रतिभाग करते हुए मेडल जीत रहे हैं। एक एथलेटिक्स कोच के तौर पर उन्होंने हजारों बच्चों को प्रशिक्षित किया जिसमें से सैंकड़ों की संख्या में उनके द्वारा प्रशिक्षित एथलीट सरकारी एवं निजी क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में कार्यरत हैं।
उन्होंने बच्चों को महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए बताया कि प्रातःकाल जल्दी उठें, हो सके तो स्कूल जाने से पहले व्यायाम या अपने खेल का अभ्यास करें, घर में आपकी मां ने जो भी खाना बनाया हो उसको बिना शिकायत करे खुशी खुशी खाएं तो निश्चित ही सफलता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे, PWD, बैंक सहित विभिन्न सरकारी तथा प्राइवेट संस्थानों में नौकरी हासिल की जा सकती है।
खेलों में प्राप्त की गई उनकी उपलब्धियों के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा उनको सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित बच्चों ने अतिथि वक्ता से विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने तथा सफलता हासिल करने के संबंध में कई सवाल पूछे जिनके उत्तर पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर विगत दिनों राजकीय संग्रहालय में देशभक्ति गीतों पर हुई नृत्य प्रतियोगिता "एक शाम शहीदों के नाम" में विजई रहे बच्चों को भी उनके द्वारा पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती भाग्यलक्ष्मी अय्यर ने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ खेल भी हमारे लिए अति आवश्यक हैं क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, हमारा शरीर स्वस्थ होगा तो हम पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधक ने बच्चों से अपील की कि वे खेलों में अधिक से अधिक रुचि लें, खेलों के लिए जो भी संसाधन चाहिए वे बच्चों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन जूनियर वर्ग की कॉर्डिनेटर मनताशा खान ने किया तथा आभार विद्यालय के शिक्षक विवेक कपिल ने व्यक्त किया।
आनन्द बॉबी चावला झांसी।
