Etawah News: नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने लगाई इंसाफ की गुहार
दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता की फांसी लगाकर हत्या
रिपोर्ट एम एस वर्मा, मनोज कुमार TTN 24 NEWS
इटावा। जनपद इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के ग्राम नगला बाबा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा फांसी लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हावर निवासी प्रजीत कुमार पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार ने थाना सिविल लाइन में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी बहन का विवाह वर्ष 2025 में अखिलेश कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी नगला बाबा थाना सिविल लाइन, इटावा के साथ हुआ था।#विवाह में परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार लगभग पांच लाख रुपये खर्च किए थे।आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति अखिलेश कुमार, सास कुशमा देवी, ससुर दिनेश कुमार तथा अन्य परिजन अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौते और समझाने के प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।पीड़ित परिवार के अनुसार बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन की फांसी लगाकर मौत हो गई है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
