लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विभिन्न विशेषज्ञों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, UPTEN की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।
ब्यूरो चीफ TTN 24 NEWS
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विभिन्न विशेषज्ञों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य कैंसर टास्क फोर्स एवं उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में चरणबद्ध रूप से कैंसर उपचार सुविधाओं का विकास किया जाए तथा प्रत्येक मंडल में आधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि कैंसर की रोकथाम, समयबद्ध स्क्रीनिंग, शीघ्र निदान एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि दुर्घटना अथवा अन्य गंभीर आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली विकसित करने तथा एंबुलेंस, बेड उपलब्धता एवं उपचार सुविधाओं की रियल-टाइम मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर त्वरित आपात चिकित्सा व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल उपचार केंद्रित न रखकर रोकथाम, शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार, पुनर्वास, अनुसंधान एवं तकनीक आधारित समन्वित स्वास्थ्य प्रणाली के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आधुनिक चिकित्सा के साथ पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग, योग एवं आयुष आधारित समन्वित सेवाओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
