आनन्द बॉबी चावला ब्यूरो चीफ झांसी।
*श्रमिकों के बच्चों को शिक्षित करेंगे एनएसएस स्वयंसेवक*
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय , झांसी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय परिसर की निर्माणाधीन स्थान पर रहने वाले लगभग 24 जरूरतमंद बच्चों को शिक्षित करने एवं उनमें सामाजिक चेतना विकसित करने की अभिनव पहल शुरू की है।कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवकों को ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति ने कहा कि यह भले ही एक छोटा प्रयास प्रतीत हो, लेकिन इसका प्रभाव इन बच्चों के भविष्य निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगाइस अवसर पर कुलपति की उपस्थिति में बच्चों को स्टेशनरी किट वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनीष श्रीवास्तव, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा तथा एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आरपी यादव ने भी भाग लिया और स्वयंसेवकों के समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना की सराहना की।विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल को शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के समन्वय का प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, डॉ. युमनाम बिजीलक्ष्मी देवी, डॉ. शिव वेंद्र एवं डॉ. अनीता पुयम सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
आनन्द बॉबी चावला।



