आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया
सुनील गुप्ता फतेहपुर यूपी
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण ने मंगलवार को फतेहपुर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।एडीजी ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ शहर के राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, अभ्यर्थियों की तलाशी व्यवस्था तथा प्रवेश प्रक्रिया का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं एवं परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी भौतिक सत्यापन किया गया। एडीजी ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटने देने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



